भाजपा के एक नेता का कहना है कि कई महीने से यूपी में 2019 की तैयारी के लिए कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। संपर्क फॉर समर्थन, चौपाल, बूथ सम्मेलन, मतदाता पुनरीक्षण अभियान इसी कड़ी का हिस्सा हैं। संगठन को और प्रभावी बनाने के लिए भाजपा का प्लान अब बसपा की तरह हर लोकसभा क्षेत्र में प्रभारी तैनात करने का है। यह प्रभारी दूसरे लोकसभा क्षेत्र का होगा। अब तक यह व्यवस्था सिर्फ बसपा में ही है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक अब 2019 तक पार्टी ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यक्रमों में व्यस्त रखने की योजना तैयार की है। पश्चिमी यूपी में भाजपा के एक कद्दावर नेता के मुताबिक कमजोर मानी जा रही लोकसभा सीटों पर टिकट बदले जाने की आशंका है, वहां पर वैकल्पिक उम्मीदवार की तलाश भी की जा रही है। हर सीट पर कम से कम दो नाम लिस्ट में रखे जा रहे हैं। ताकि टिकट बदलने के समय तुरंत निर्णय लिया जा सके।