
मेरठ. भाजपा (BJP) के कद्दावर नेता विनीत अग्रवाल शारदा एक बार फिर सोशल मीडिया की सुर्खियों में हैं। लॉकडाउन (Lockdown) के बीच भाजपा नेता विनीत शारदा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें विनीत शारदा एक सांस में कोरोना का जाप करते नजर आ रहे हैं। बता दें कि यह पहली बार नहीं है, जब भाजपा नेता इस तरह से जाप किया है। इससे पहले विनीत शारदा एक सांस में कमल और नमो का जाप करते हुए नजर आ चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि मेरठ के तेज तर्रार भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा अक्सर विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। पिछले दिनों उन्होंने आतंकी अजहर मसूद को सिर कलम करके भारत लाने वाले को 51 लाख का इनाम देने का ऐलान किया था। वहीं इससे पहले विनीत शारदा ने एक सांस में 32 बार कमल और मात्र 36 सेकंड में 100 बार नमो बोलकर खूब सुर्खियां बटोरी हैं। अब कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के लिए विनीत अग्रवाल शारदा का एक सांस में कोरोना का जाप करते हुए वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है।
बता दें कि मेरठ में अब तक कोरोना के कुल 47 संदिग्ध मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बावजूद मेरठवासी अपने घरों में कैद होकर लॉकडाउन का पूरा समर्थन कर रहे हैं।
Published on:
27 Mar 2020 10:12 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
