
मेरठ. कोरोना संक्रमण और स्कूल बंद होने के कारण एक ओर जहां स्कूलों ने अपने स्तर पर सिलेबस कम किया है, वहीं दूसरी ओर सीबीएसई ने भी दसवीं व बारहवीं के छात्रों को परीक्षा में दोहरा लाभ देने का फैसला किया है। इससे न केवल कोर्स कम पढ़ना होगा, बल्कि हर प्रश्नों का सही-सही उत्तर देने पर पूरे अंक मिलेंगे।
कोरोना के कारण बोर्ड ने हर विषय से चार से पांच चैप्टर कम कर दिए हैं, लेकिन परीक्षा पूरे अंकों पर ली जाएगी। प्रैक्टिकल वाले विषयों के पेपर 70 नंबर के होंगे। इसमें पास होने के लिए 23 नंबर लाना होगा। वहीं प्रैक्टिकल 30 नम्बर का होगा। थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों ही में पास होना जरूरी है। नहीं तो छात्र को कंपार्टमेंट परीक्षा देना पड़ेगा। जबकि नान प्रैक्टिकल विषय 80 नंबर के होंगे। इसमें पास होने के लिए 26 नंबर हासिल करने अनिवार्य होंगे।
ऑनलाइन पढ़ाई पर होगा आंतरिक मूल्यांकन
ऑनलाइन पढ़ाई पर ही इस बार आंतरिक मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दे दिए हैं कि दसवीं और बारहवीं प्रैक्टिकल विषय छोड़कर 20 नंबर का आंतरिक मूल्यांकन किया जाएगा। इसमे छह नंबर लाना अनिवार्य होगा।
बोर्ड ने आंतरिक मूल्यांकन का फार्मेट तैयार कर लिया है, जिसे जल्द ही स्कूलों को भेज देगा। सभी स्कूलों को इसी फार्मेट पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर नंबर भरना होगा। दीवान पब्लिक स्कूल के एमएच राउत ने बताया कि इस बार कोरोना संक्रमण के चलते स्कूली पढाई पूरी तरह से ठप है। जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती तब तक हालात नहीं सुधर सकते। वैक्सीन कब आएगी यह भी नहीं कहा जा सकता। इस कारण से सीबीएसई ने अपने बोर्ड एग्जाम पैटर्न में बदलाव किया है।
Published on:
15 Nov 2020, 1:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.