जनपद के सरकारी अस्पतालों में 19 और जिला अस्पताल में पांच बेटियों समेत कुल 24 बेटियों ने जन्म लिया। जिला महिला चिकित्सालय में बेटियों के जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाया गया। बेटियों के जन्मोत्सव कार्यक्रम में पहुंची मेरठ की सीडीओ आर्यिका आखौरी ने बच्चियों के जन्म पर केक काटवाया और उनके परिजनों के साथ जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान सीडीओ ने बच्चियों के अभिभावकों को बेबी किट प्रदान की। कार्यक्रम में कई समाजिक संस्थाएं और लोगों ने भाग लिया। महिलाओं ने बच्चियों के जन्म होने पर ढोलक बजाई और मंगल गीत गाए। जिला सूचना अधिकारी गजे सिंह ने बताया कि भूड़बराल, परीक्षितगढ़, दौराला व खरखौदा में एक-एक, भावनपुर, रोहटा में दो-दो, सरधना, सरूरपुर में तीन-तीन तथा दबथुवा में पांच बेटियों ने जन्म लिया। जबकि जिला महिला चिकित्सालय में पांच बेटियां जन्मीं। सीडीओ आर्यका अखौरी ने नवजात बालिकाओं का जन्मोत्सव केक काटकर मनाया। इस दौरान प्रभारी सीएमओ सुनील कुमार शर्मा, डीपीओ श्रवण कुमार गुप्ता, सीएमएस डा. मनीष शर्मा ने बालिका के परिजनों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।