मेडिकल की अव्यवस्था को लेकर वायरल वीडियो को लेकर सीएमओ, मंडलीय सर्विलांस अधिकारी की जांच रिपोर्ट को डीएम ने शासन को भेज दिया है। माना जा रहा है शासन स्तर से जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई हो सकती है। प्रमुख सचिव के साथ जिले के प्रशासनिक-पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का पूरा अमला मेडिकल कॉलेज में रहा। अधिकारियों ने संदिध कोरोना और कोविड-19 मरीजों के वार्ड का निरीक्षण किया। मेडिकल अधिकारियों को प्रमुख सचिव ने सख्त हिदायत दी कि इलाज में लापरवाही न बरती जाए नहीं तो निलंबन की कार्रवाई को तैयार रहें। अधिकारियों के पहुंचने पर मेडिकल में दिनभर हड़कंप की स्थिति रही। प्रमुख सचिव टी वेंकटेश, ओएसडी डॉ. वेद प्रकाश, कमिश्नर अनीता सी मेश्राम, डीएम अनिल ढींगरा, आईजी लक्ष्मी सिंह, एसएसपी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। मेडिकल प्राचार्य डा. आरसी गुप्ता, एसआईसी डा. धीरज राज, नोडल प्रभारी डा. तुंगवीर सिंह आर्य, टास्ट फोर्स के डा. ज्ञानेश्वर टांक, डा. दिनेश राणा के साथ डेढ़ घंटे बैठक की। इसके बाद देर रात लखनऊ से आए ओएसडी डा.वेद प्रकाश ने मेडिकल और कोविड वार्ड का औचक निरीक्षण किया।