मेरठ. सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील मेरठ शहर में पहली रमजान के दिन एक नमाजी की दूसरे समुदाय के लोगों की ओर से की गई पिटाई की वजह तनावपूर्ण माहौल बन गया। ब्रहमपुरी थाना के माधवपुरम कालोनी के सेक्टर तीन में मामूली कहासुनी ने बड़ा बवाल करा दिया। दोनों पक्षों के दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए और हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते माहौल में तनाव व्याप्त हो गया। जबरन दुकाने बंद करा दी गई। सूचना मिलते ही एडीएम सिटी, एसपी सिटी, सीओ कोतवाली सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचे। घटना स्थल का माहौल देखकर अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। रमजान का माहौल देखते हुए अधिकारियों ने बहुत ही मुश्किल से स्थिति को संभाला। इलाके का माहौल अब भी तनावपूर्ण बना हुआ है और मौके पर भारी फोर्स तैनात है।