
मेरठ। जिले में कोरोना से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। रोजाना बड़ी संख्या में कोरोना के नए-नए संक्रमित सामने आ रहे हैं, जिससे फिर कोई नई चेन शुरू होने की आशंका बनने लगी है। बुधवार को भी 10 नए पॉजीटिव केस सामने आए। वहीं कुल संक्रमितों की संख्या 186 तक पहुंच गई। अब तक नौ लोगों की मौतें हो चुकी हैं और 56 मरीज ठीक हुए हैं।
कोरोना संक्रमण अब फल, सब्जी, किराना व्यापारियों के बाद सराफा बाजार तक पहुंच गया है। शहर सराफा बाजार बंद है, इसके बावजूद भी वहां के व्यापारी चपेट में आ गए हैं। शीशमहल में मिला कोरोना पॉजिटिव मरीज सराफ है। कोरोना वायरस उसे किस चेन से आया, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पायी है। सराफ व्यापारी को खरखौदा स्थित मुलायम सिंह यादव मेडिकल कालेज में रखा गया है। सराफा कारोबारी का किसी कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आना कारण माना जा रहा है। हालांकि इसमें एक अन्य चेन जिसमें फल, सब्जी या दूध के लिए डेयरी जाने की बात से भी इनकार नहीं किया जा रहा। सराफ व्यापारी के साथ-साथ उनके परिवार के सभी सदस्यों को भी क्वारेंटीन किया गया है। इससे पहले डेयरी, फल, सब्जी, किराना व्यापारी भी कोरोना के संक्रमण के दायरे में आ चुके है। इससे स्वास्थ्य विभाग में चेन ढूंढऩे में कोशिश में जुट गई है।
इसी बीच, बुधवार को हुई जांच में 10 और नए मामले सामने आए। जिनमें से एक व्यक्ति शास्त्रीनगर निवासी है और यहीं के पुराने संक्रमित के संपर्क वाला है। जबकि 8 लोग जैदी फार्म में संक्रमित पाए गए हैं। यह भी पुराने संक्रमित के संपर्क में आए लोग हैं। वहीं एक नया मरीज देवपुरी से सामने आया है। जिसके साथ ही जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 186 तक पहुंच गई। जबकि अभी तक नौ लोग मौत के मुंह में समा चुके हैं। जिले में लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों के कारण स्वास्थ्य विभाग की नींदें भी उड़ी हैं।
Updated on:
07 May 2020 03:23 pm
Published on:
07 May 2020 03:17 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
