
मेरठ। मेडिकल कालेज में बने आइसोलेशन वार्ड से सोमवार की देर रात एक कोरोना मरीज के भागने की सूचना से हड़कंप मच गया। राहत की बात ये है कि इस कोरोना मरीज की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई थी और उसे कुछ दिन बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी। पहले रात को दो कोरोना मरीज के भागने की चर्चा थी। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने एक के भागने की बात कही है। बताया जाता है कि मरीज चादर की रस्सी बनाकर खिड़की से नीचे उतारकर एक बाइक पर बैठकर निकला है। इसका पता मंगलवार को सुबह चला तो हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी होने पर पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। भागे हुए कोरोना मरीज की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, युवक को दो दिन पहले मेडिकल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसका सैम्पल लिए जा चुका है। मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. आरसी गुप्ता ने बताया कि सुबह मंगलवार को जब डॉक्टर इस वार्ड में पहुंचे तो भर्ती एक मरीज की संख्या कम पाई गई। इसके बाद पता चला कि वह फरार हो गया है। इस वार्ड में भर्ती दूसरे मरीजों से जब डॉक्टरों ने पूछना चाहा तो उन्होंने भी कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। मेडिकल प्रशासन ने पुलिस को फोन पर इसकी सूचना दी।
सिविल लाइन सीओ संजीव देशवाल और मेडिकल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आइसोलेशन वार्ड का मौका मुआयना किया। पता चला कि मरीज खिड़की से कूदकर फरार हुए हैं। जो मरीज फरार हुआ है वह लखीपुरा कर रहने वाला है। उसकी तलाश की जा रही है। हालांकि मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पुलिस टीम उसके घर पर भेजी गई है। सीओ संजीव देशवाल ने बताया कि मेडिकल प्रशासन ने मरीज के भागने की सूचना दी है। उनकी तलाश कराई जा रही है। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देख रहे हैं। शहर में भी जगह-जगह उसकी तलाश की जा रही है।
Published on:
21 Apr 2020 12:30 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
