
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ. एक दर्दनाक हादसे के बाद मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक इंजीनियर की मौत हो गई। इसके बाद मृतक का शव हाईवे पड़ा रहा और ऊपर से वाहन गुजरते रहे, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचना देने की जरूरत नहीं समझी। तड़के पुलिस की गश्ती दल ने क्षत-विक्षत शव को उठाया और सड़क के किनारे कर उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से पहचान की।
दरअसल यह घटना थाना दौराला क्षेत्र के हाईवे की है। जहां देर रात अप्पू ग्रीन कालोनी के सामने सड़क पार करने के दौरान गाड़ी की टक्कर से प्राइवेट कंपनी के इंजीनियर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक मेथना गांव निवासी अभय उर्फ टिंकल पुत्र आनंद एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर था। यह कंपनी उत्तर प्रदेश और दिल्ली पुलिस की भर्ती में टेक्निकल काम देखती है। कई महीनों से अभय दौराला के हाईवे पर टोल प्लाजा के पास स्थित अप्पू ग्रीन कॉलोनी में रह रहा था। अभय की चाची पूर्व पार्षद उषा राणा पत्नी महेश राणा पल्लवपुरम फेज-2 में रहती है। परिजनों के मुताबिक अभय रविवार को किसी काम से टैक्सी से बिजनौर गया था। रात करीब 1:30 बजे वापस घर आ रहा था।
वह हाईवे पर ग्रीन कॉलोनी के सामने टैक्सी से उतार गया। उसके बाद वह हाईवे पार कर अप्पू ग्रीन कॉलोनी में जाने लगा। डिवाइडर के पास पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने अभय को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसके शव को दर्जनों वाहनों ने कुचला और आगे निकल गए। सूचना पर दौराला पुलिस और टोल कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को देखकर लोगों के होश उड़ गए। करीब आधा किलोमीटर तक खून और मांस के लोथड़े वाहनों के पहियों से सड़क पर चिपके हुए थे।
पुलिस ने आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज से उसकी शिनाख्त थी, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिवार में सूचना मिलने पर कोहराम मच गया। नाते रिश्तेदार, ग्रामीण और पल्लपुरम से पूर्व पार्षद चाची, चाचा मौके पर पहुंचे। दर्दनाक सड़क हादसे को देख सभी की रूह कांप गई। पुलिस ने सड़क से मांस के लोथड़े समेटकर बोरे में भरवाकर मोर्चरी पहुंचाया। इंस्पेक्टर दौराला किरन पाल सिंह का कहना है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की सड़क हादसे में मौत हुई है।
Published on:
15 Feb 2021, 2:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.