
Symbolic Photo of Accident in Aligarh
मेरठ. रक्षाबंधन की रात तीन परिवारों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती सहित चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना देर रात की है।
स्कूटी में टक्कर मारने के बाद पेड़ से जा टकराई कार
थाना दौराना क्षेत्र के गांव रूहासा के पास कार सवार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी में सवार युवक और युवती की मौत हो गई। स्कूटी से टकराने के बाद चालक कार अपना नियंत्रण खो बैठा जिससे कार तेज गति से एक पेड़ से जा टकराई। कार में सवार दो युवकों ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची हाइवे पुलिस ने चारों शवों की शनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खून से लाल हुई मेरठ की सड़कें
देर रात जेल चुंगी निवासी अर्जुन अपने दोस्त जमालपुर गांव निवासी रजत के साथ दौराला से कार द्वारा मेरठ आ रहा था। रजत दौराला कस्बे में अपनी बहन के यहां गया था। देर रात लगभग सवा बजे कार ने रुहासा गांव के सामने पहुंचते ही स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। वहीं हादसे में स्कूटी सवार एक महिला व युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार सवार अपना संतुलन खो बैठे और कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिस कारण कार सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना के बाद हाइवे पुलिस पहुंची और घायलों को मोदीपुरम स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराने के लिए लेकर गई, लेकिन दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने स्कूटी सवार युवक की जेब से निकले लाइसेंस के आधार पर उसकी पहचान साहिब निवासी गाजियाबाद के रूप में की। वहीं, महिला की अभी तक शनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।
BY: KP Tripathi
Published on:
23 Aug 2021, 2:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.