
मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किला परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव निवासी 10वीं की छात्रा के साथ स्कूल से लौटते समय 3 युवकों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। इस दौरान किसी से भी घटना का जिक्र करने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
छात्रा की मां बीमार है कह कर बाइक पर ले गए
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 10वीं की छात्रा ने तहरीर देते हुए बताया कि वह दोपहर स्कूल से पैदल घर लौट रही थी। इसी बीच एक युवक बाइक लेकर उसके पास पहुंचा और उसकी मां बीमार होने की बात कहकर जल्दी बाइक पर बैठने को कहा। छात्रा के बाइक पर बैठने पर वह उसको ग्राम जयसिंहपुर के जंगल में ले गया, जहां उसके दो अन्य साथी पहले से ही मौजूद थे।
बारी-बारी से तीनों ने किया दुष्कर्म
तीनों युवकों ने छात्रा को गन्ने के खेत में खींच कर ले गए जहां उसके साथ तीनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। तीनों ने तमंचा दिखाकर उसको घटना का जिक्र करने पर जान से मारने की धमकी दी। छात्रा ने शोर मचाने पर पास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे, जिनको देखकर तीनों आरोपी दो बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
एक किसान ने छात्रा के परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों को छात्रा ने अपने साथ हुई घटना की पूरी जानकारी दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने आरोपियों की बाइक कब्जे में लेकर पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
नहीं हुई है आरोपियों की गिरफ्तारी
परीक्षितगढ़ थाना प्रभारी आनंद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर गांव निवासी दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नही हुई है।
BY: KP Tripathi
Updated on:
17 Sep 2021, 4:06 PM IST
Published on:
17 Sep 2021, 4:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.