सीएए के विरोध में गुरुवार को लखनऊ में हुए भारी बवाल के साथ अन्य शहरों में कड़े विरोध के चलते वेस्ट यूपी के जनपद हाई अलर्ट पर हैं। आज जुमे की नमाज है। इसको लेकर हाई अलर्ट घोषित किया गया है। गुरुवार को यूपी में कई जगह बवाल के बाद एतिहात के तौर पर मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, मुरादाबाद और संभल जनपदों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। यहां शुक्रवार की स्थिति देखकर इंटरनेट सेवा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। मेरठ में गुरुवार की रात से पुलिस-प्रशासन सड़क पर उतर आया। शुक्रवार को अफवाह फैलाकर शांति व्यवस्था को प्रभावित किए जाने का इनपुट मिलने के बाद कमिश्नर अनिता सी. मेश्राम, आईजी आलोक कुमार सिंह, डीएम अनिल ढींगरा और एसएसपी अजय साहनी पुलिस फोर्स के साथ सड़कों पर उतरे।