मेरठ। सीएम योगी आदित्यनाथ की फटकार और वहां से आए आदेश के बाद डीएम अनिल ढींगरा एक्शन में आ गए हैं। उन्होंने तुंरत एक्शन लेते हुए जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग की टीम गठित कर दी। इसके बाद शहर में निकली टीमों ने कई पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की। जिला पूर्ति अधिकारी विकास गौतम की टीम ने गढ़ रोड स्थित राधा गोविंद इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने स्थित एस्सार कंपनी के पेट्रोल पंप पर छापेमारी की। घटतौली की जांच के साथ ही पेट्रोल, डीजल के नमूने लिए। अन्य टीमों ने सूरजकुंड रोड स्थित एस्सार कंपनी के यूनिक सर्विस स्टेशन, कमालपुर गांव एस्सार कंपनी के पेट्रोल पंप, दिल्ली रोड पर एचपी कंपनी के अंबिका सर्विस स्टेशन, मवाना के पास बिजनौर रोड पर भारत पेट्रोलियम कंपनी के साथ शीतल फ्यूल स्टेशन से भी डीजल-पेट्रोल के नमूने लिए गए।