
युवक की हत्या होने के बाद पत्नी ने की शिकायत, आरोपी आया पकड़ में तो सभी रह गए हैरान
बागपत। कस्बा खेकड़ा में चार दिन पूर्व बिट्टू उर्फ लोकेश की हत्या उसके चचेरे भाई हैप्पी उर्फ अमित ने मात्र चार इंच जमीन को लेकर की थी। पुलिस ने हत्यारोपी चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा व एक खोखा भी बरामद किया है। इसके बाद पुलिस ने हत्यारोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
एसपी शैलेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि कस्बा खेकड़ा में गत 8 नवम्बर को बिट्टू उर्फ लोकेश की बसी मार्ग पर नहर के पास खेत में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी कोमल ने मृतक के चचेरे भाई हैप्पी उर्फ अमित यादव, उसके पिता रमेश, मां संतोष पुत्री मोनी को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने सोमवार को बसी रोड स्थित देवी मंदिर के पास से हत्यारोपी हैप्पी को गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि हत्या में उसके साथ और कोई नहीं था। उसने पुलिस को बताया कि खेत की मेड़ को लेकर उनका उसके तहेरे भाई के साथ काफी दिनों से विवाद चल रहा था। मृतक ने खेत में क्रेशर लगाया है और गन्ना तोलने के लिए लगाये कांटे की दीवार चार इंच उसके खेत में खड़ी कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो उसने दीवार हटाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर उसने उसकी तमंचे से तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा छोटी नहर के पास झाड़ियों से बरामद कर लिया है। साथ पुलिस को वहां एक खाली खोखा भी बरामद हुआ है। दो खोखे घटना वाले दिन ही घटना स्थल से बरामद किए गए थे। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को अदातल में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
Published on:
13 Nov 2018, 7:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.