पुलिस के अनुसार मैदा मोहल्ला लालकुर्ती निवासी फाइनेंसर अमरजीत सोनकर उर्फ पप्पू के छोटे भाई जीत सोनकर की बेटी की शादी रविवार की रात को थी। दोनों भाइयों के मकान बराबर-बराबर हैं। विवाह समारोह वोल्गा रेस्टोरेंट में चल रहा था। परिवार के सभी लोग व रिश्तेदार विवाह मंडप में गए हुए थे। अमरजीत सोनकर ने बताया कि दुल्हन, रिश्तेदारों और घर की महिलाओं के सामान को मिलाकर करीब ढाई किलो सोने के जेवर और करीब 50 लाख रुपये का कैश अमरजीत के घर पर ही रखा हुआ था। दहेज का सामान और कैश सोमवार को सारी बिरादरी के सामने दूल्हे पक्ष को देना था, लेकिन इससे पहले ही चोर सारा सामान ले गए। उन्होंने बताया कि दो महीने बाद ही दूसरी बेटी की शादी है। उसका जेवर भी घर में ही रखा था। घर लौटकर गए तो इस चोरी का पता चला। घटना की सूचना पर दूल्हा-दुल्हन भी घर देखने पहुंचे।