
यूट्यूब पर हिट है यह युवक, ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मार डाला
मेरठ। मेरठ में 15 दिसंबर को एक युवक आशीष गुर्जर की हत्या के बाद शोभापुर में बवाल हो गया था। इसके बाद लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया था। आशीष गुर्जर पर दलित युवक की हत्या का अारोप था और वह इसी मामले में जेल में बंद था। वारदात के बाद दोनों ही पक्षों में तनाव है। वहीं, इस हत्या के बाद यूट्यूब पर एक वीडियो खूब देखा जा रहा है, जिसमें आशीष गुर्जर पर गाना फिल्माया गया है।
यूट्यूब पर चल रहा है वीडियो
यूट्यूब पर चल रहे इस वीडियो के टाइटल में भी आशीष गुर्जर शोभापुर लिखा हुआ है। इसका टाइटल Ashish Gujjar (shobhapur) badmashi nd prince chaprana है। इसमें देसी रैपर प्रिंस चपराना ने रैप सांग गाया है। वह पूरे गाने में आशीष गुर्जर की 'बदमाशी' की तारीफ करता रहता है। वीडियो में आशीष गुर्जर भी दिखाया गया है। वह कभी घोड़े पर तो कभी हुक्का पीते दिख रहा है। इनके अलावा वीडियो में कई और युवक भी हैं। पूरे वीडियो में आशीष गुर्जर और गुर्जरों को बखान किया गया है। इसे देखकर ऐसा लगता है जैसे स्थानीय युवकों में आशीष की छवि एक डॉन जैसी थी। गाने में शोभापुर गांव का भी नाम लिया गया है। इस वीडियो को अब तक 35 सौ से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में हुई थी वारदात
आपको बता दें कि 15 दिसंबर को मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव शोभापुर में बाइक सवार पांच युवकों ने खेत पर काम कर रहे युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इसमें आशीष गुर्जर की मौत हो गई थी। हमले में कुछ अन्य लोग घायल भी हुए थे। मामला दो अप्रैल को भारत बंद के दौरान मारे गए युवक गोपीचंद हत्याकांड से जुड़ा है। गोपीचंद की हत्या का आरोप आशीष गुर्जर पर लगा था। जिस मामले में उसे जेल भेज दिया गया था। हाल ही में वह जेल से छूटकर आया था। इसके बाद आशीष की हत्या मेंका आरोप गांव के दलितों पर लगा था।
Published on:
21 Dec 2018 10:11 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
