
Honour killing in Meerut: मेरठ के थाना सरूरपुर क्षेत्र के एक गांव में ऑनर किलिंग की सूचना पर पुलिस की गांड़ियां दौड़ पड़ी। गांव कलीना में मौके पर पहुंची पुलिस ने चिता से किशोरी का अधजला शव निकलवाया और उसको पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की है।
पुलिस अधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रीति पुत्री सत्यवीर 17 वर्ष की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पुलिस को जानकारी दी गई कि किशोरी की परिजनों ने ही हत्या की है। जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। थाना सरूरपुर के गांव कलीना में पहुंचे पुलिस कर्मियों ने हिंडन नदी के किनारे स्थित शमशान घाट पर जलती चिता से किशोरी का शव निकाला। जिस समय पुलिस शमशान घाट पहुंची चिता के पास गांव या परिवार का कोई व्यक्ति नहीं मिला।
जिससे पुलिस को किशोरी की मौत मामले में शक और गहरा गया है। पुलिस ने जिस समय मृत किशोरी का शव जलती चिता से निकाला तब तक उसका आधा शव जल चुका था। थाना पुलिस ने मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। गांव कलीना में ऑनर किलिंग के मामले में हत्या से सनसनी फैल गई है। गांव के नजदीक खिवाई चौकी पुलिस को भी इस मामले में कोई जानकारी नहीं है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्र का कहना है कि ऑनर किलिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। मामले की जांच की जा रही है। सीओ सरधना शिव प्रताप सिंह ने बताया कि कि जलती चिता से किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। आनर किलिंग की आशंका के चलते गांव में तरह—तरह की चर्चाएं हैं। थाना पुलिस ने इस बारे में ग्राम प्रधान और ग्रामीणों से पूछताछ की लेकिन किसी से कोई खास जानकारी नहीं हो पाई।
Updated on:
20 Jun 2023, 6:17 PM IST
Published on:
20 Jun 2023, 6:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.