
मेरठ। मेरठ जिले में रंजिश में हो रही हत्याओं का दौर नहीं रुक रहा। भाजपा भले ही अपने शासनकाल को सुशासन कह रही हो। रविवार को जब प्रदेश के पुलिस मुखिया सहारनपुर में पुलिस की पीठ थपथपा रहे थे, वहीं मेरठ में उस दौरान एक शातिर अपराधी और अपराध की दुनिया में कुख्यात मोनू जाट के चाचा की रोहटा थाना क्षेत्र में गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। हत्या का कारण गैंगवार को माना जा रहा है। मृतक के परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। इस घटना के बाद गांव में गैंगवार की आशंका तेज हो गई है।
मनवीर खेत पर गया था, नहीं लौटा
रोहटा निवासी मनवीर (35) पुत्र राजवीर के परिजनों के मुताबिक शनिवार की शाम करीब पांच बजे मनवीर खेत में ट्यूबवेल पर गया था। देर रात तक उसके वापस न लौटने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। रविवार की सुबह रोहटा-मल्लापुर मार्ग स्थित राकेश मोदी के खेत में पानी के बीच मनवीर का शव बरामद होने के बाद कोहराम मच गया। मनवीर की हत्या छाती में गोली मारकर की गई थी। घटनास्थल पर हजारों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर पुलिस परिजनों से पूछताछ करने में जुट गई है।
अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज करार्इ
परिजनों ने किसी रंजिश से इनकार करते हुए अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजनों के मुताबिक तीन भाइयों में मनवीर सबसे छोटा था और रिश्तेदारी में कुख्यात मोनू जाट का चाचा लगता है। हालांकि परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन मनवीर की हत्या के बाद गांव में गैंगवार की आशंका के चलते दहशत बनी हुई है। बताते चलें कि मोनू जाट इस समय जेल में है। उधर, घटना के बाद मृतक की पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बोले अधिकारी
इस बारे में एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि हत्यारोपियों की पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Published on:
01 Apr 2018 04:48 pm
