
Kanwar yatra 2023: कांवड़ यात्रा के दौरान अफवाह फैलाने वाले जाएंगे जेल, ईद-उल-जुहा में खुले में कुर्बानी पर प्रतिबंध
Kanwar yatra 2023: आगामी माह में कांवड यात्रा और बकरा ईद को लेकर मेरठ पुलिस प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी व एसएसपी ने कांवड़ यात्रा व ईद-उल-जुहा को शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने को लेकर धर्मगुरुओं एवं कांवड़ संघ के साथ की बैठक की।
रिजर्व पुलिस लाईन बहुउद्देशीय हॉल में डीएम मेरठ दीपक मीणा व एसएसपी मेरठ रोहित सिंह सजवाण की उपस्थिति में आगामी सावन माह कांवड़ यात्रा-2023 व ईद-उल-जुहा को कानून-शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाने को लेकर धर्मगुरुओं और कांवड़ संघ की बैठक आयोजित की गई। आयोजित बैठक में धर्म गुरुओं, प्रबुद्धजनों, कांवड शिविर सेवा संघों के पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
बैठक में प्रबुद्धजनों द्वारा जनपद में विद्युत व्यवस्था, सड़क, साफ-सफाई, पेयजल, ट्रैफिक व्यवस्था, जलभराव से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को व्यवस्थाओं को दुरूस्त कराये जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी दीपक मीणा द्वारा समस्त प्रबुद्धजन एवं धर्म गुरुओं से अपील की।
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर सामाजिक सदभाव बढाने एवं प्रत्येक व्यक्ति, धर्म, संप्रदाय, त्यौहार आदि का सम्मान करने तथा आपसी सहयोग एवं समन्वय स्थापित रहे इसके लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी दी गई जिम्मेदारी का ईमानदारी के साथ निर्वहन करे, इस कार्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्व जो किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। तुरंत सूचना संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी को दें। जिससे कि समय रहते हुए ऐसे असामाजिक तत्वो पर कार्यवाही की जा सके तथा अफवाह फैलाने वालो पर कडी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को सीधा जेल भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि कि ईद-उल-जुहा के दिन खुले में कुर्बानी न करें तथा अवशेष को खुले में न फेंके। उन्होंने कहा कि कांवड शिविर सडक से अंदर की ओर लगाया जाये। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर दिवाकर सिंह, एसपी ट्रैफिक जितेन्द्र श्रीवास्तव, अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित अलग-अलग क्षेत्रों से आए धर्म गुरुओं, प्रबुद्धजन एवं कावंडिया संघ के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
Updated on:
13 Jun 2023, 8:38 AM IST
Published on:
13 Jun 2023, 8:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.