
इस भुतहा कोठी में रात को आती हैं भयानक आवाजें, अंदर पुलिस को भी दिखा कुछ ऐसा कि उड़ गए होश
मेरठ। यूपी में कुछ हॉन्टेड जगह ऐसी हैं, जिनके पास से निकलने में भी लोगों को डर लगता है। मेरठ में भी ऐसी ही कुछ जगहें हैं, जहां से कुछ आवाजें आती हैं। लोगों में इतना खौफ है कि शाम होते ही इसके आसपास का क्षेत्र सुनसान हो जाता है। ऐसी ही एक जगह है जानीखुर्द थानाक्षेत्र में स्थित एक खंडहरनुमा कोठी। इस कोठी के पास से शाम को पांच बजे के बाद कोई निकलता भी नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि वहां पर रात में तरह-तरह की आवाजें आती हैं। पर जब पुलिस ने वहां अंदर जाकर देखा तो वहां का दृश्य देखकर उसके भी होश उड़ गए।
जानीखुर्द में है खंडहरनुमा कोठी
जानीखुर्द थानाक्षेत्र स्थित पुलिस को सिसौला खुर्द में एक खंडहरनुमा कोठी में कुछ अजीब से लोगों के घुसे होने की सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों को खंडहरनुमा कोठी में दाखिल होते देखा था। इस कोठी को काले भूत की कोठी के नाम से जाना जाता है। इसके अंदर जाना तो दूर कोई पास से गुजरने की हिम्मत भी नहीं करता है। शाम होते ही आसपास की सड़कें भी सुनसान हो जाती हैं। ग्रामीणों की मानें तो वहां रात में तरह-तरह की भयानक आवाजें आती हैं। जब उन्होंने कोठी में कुछ लोगों को जाते देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों की तो हिम्मत नहीं हुई अंदर जाने की। इसके बाद उन्होंने पुलिस को इस बारे में सूचना दी।
मुठभेड़ के बाद पकड़े बदमाश
सूचना मिलने के बाद जानीखुर्द पुलिस ने कोठी पर छापा मारा तो वहां का दृश्य देखकर उसके भी होश उड़ गए। कोठी में पुलिस को डकैती की योजना बनाते आठ बदमाश मिले। जानी थाना प्रभारी प्रेमचन्द शर्मा ने बताया कि पुलिस जब खंडहर नुमा कोठी में छापेमारी करने पहुंची तो आठ बदमाशों ने भागने की कोशिश की। उन्हें मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला है कि वे वहां पर डकैती की योजना बना रहे थे। उनके पास से पांच तमंचे और दर्जनभर कारतूस मिले हैं। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम शौकीन, साबिर, नजाकत, मुनव्वर, असरफ, जाहिद, हनीफ और निजामुद्दीन बताए हैं।
Published on:
11 Sep 2018, 2:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.