
महिला ने बताए सिपाही के घिनौने कारनामे तो पुलिस अफसर भी रह गए दंग
मेरठ। योगी सरकार को खाकी ने एक बार फिर से दागदार कर दिया। इस बार यह कारनामा सिपाही ने किया है। सिपाही ने एक महिला को करीब दो वर्ष तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। सिपाही की हरकत यही नहीं रुकी। महिला से जब उसका मन भर गया तो उसने उसे धोखे से बेच दिया और देह व्यापार के दलदल में उतार दिया। पीड़िता ने सिपाही के खिलाफ एसएसपी के यहां गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि सिपाही ने उसकी जिन्दगी खराब कर दी है। इतना ही नहीं, आरोपित ने महिला को ढाई लाख रुपये में बेच डाला।
कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया
मामला मवाना तहसील क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। पीड़िता के मुताबिक वर्ष 2015 में उसके पति की एक हादसे में मौत हो गई थी। घर में पैसे की परेशानी के कारण उसने गंगानगर की न्यू शिवलोक कालोनी में एक घर में तीन हजार रुपये की नौकरी कर ली। जिस घर में वह नौकरी करती थी, वहां पर रानीपुर मोड़ निकट रेलवे फाटक हरिद्वार निवासी एक सिपाही का आना-जाना था। पीड़िता ने बताया कि एक बार वह घर में अकेली थी और आरोपी सिपाही आया हुआ था। सिपाही घर से बाहर गया और अपने साथ कोल्ड ड्रिंक लेकर आया। सिपाही ने पीड़िता को भी कोल्डड्रिंक पीने के लिए दिया। इसमें नशीला पदार्थ मिला होने के कारण वह बेहोश हो गई और सिपाही ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसे काफी देर बाद होश आया। घटना के बारे में जब मकान मालकिन को बताया तो सिपाही ने पीड़िता को बंधक बना लिया। आरोप है कि सिपाही दो साल से अधिक तक पीड़िता के साथ दुष्कर्म करता रहा।
पीड़िता को ढार्इ लाख रुपये में बेचने का आरोप
सिपाही का जब मन भर गया तो उसने पीड़िता को ढाई लाख में देह व्यापार में धकेल दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे धोखे से समसपुर गांव निवासी एक व्यक्ति को ढाई लाख रुपये में बेच दिया। वह किसी तरह से भागकर गंगानगर थाने पहुंची और वहां पुलिस को आपबीती बताई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। थककर वह एसएसपी कार्यालय पहुंची। कार्यवाहक एसएसपी ने पीड़िता की शिकायत सुनकर गंगानगर पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Published on:
27 Jun 2018, 2:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.