
मेरठ. महंगाई के इस दौर में त्यौहार के मौके पर घर की साफ-सफाई कराना भी काफी महंगा हो गया है। इमल्सन पेंट से लेकर ऑयल बाउंड डिस्टेंपर यहां तक कि सफेद चूना भी इस समय आंख दिखा रहा है। पुताई करने वाली कूंची जो कि कभी 50 रुपये की मिलती थी आज बाजार में 70 रुपये की बिक रही है। डिस्टेंपर इत्यारी सब महंगे हो गए हैं। इस समय आम लोगों को दीवार, खिड़की, दरवाजे की साफ-सफाई के लिए ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ रही है। पेंट कंपनियों ने बाजार में अपने दाम बढ़ा दिए हैं।
पेंट की बाल्टी पर ही बढ़ गए 350 रुपये
पेंट कारोबारी संजीव ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में सभी पेंट्स कंपनियों ने पेंट की कीमतों में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी कर दी है। उन्होंने बताया कि पेंट की जो बाल्टी 20 लीटर की है वो अब दो हजार से बढ़कर 2350 रुपये कर दी गई है। जो प्लास्टिक कोटेड पेंट पिछले साल 350 से 1000 रुपये लीटर आता था। आज वो बाजार में 350 से 1200 रुपये प्रति लीटर हो गया है। दीवारों पर हुए गडढे भरने वाली पुट्टी, चूना और ब्रश-कूंची सभी सामानों के दाम बेतहाशा बढ़े हैं।
पेट्रो मूल्य वृद्धि का असर
पेंट कारोबारियों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने भी इस पर काफी असर पड़ा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में रंगाई-पुताई का काम 30-35 प्रतिशत तक महंगा हो गया है।
नवरात्र के बाद हो जाता है करोड़ों का कारोबार
मेरठ में पेंट और पुताई का कारोबार यू तो पूरे साल चलता रहता है लेकिन नवरात्र से दीपावली तक मेरठ में करीब 150 करोड़ का कारोबार पेंट और पुताई का हो जाता है। महानगर में ब्रांडेड पेंट के 150-190 शोरूम हैं। इसके अलावा सामान्य पेंट कारोबार की तो कोई गिनती ही नहीं है। नवरात्रि से लेकर दीपावली तक ब्रांडेड पेंट का कारोबार 100 करोड़ तक पहुंच जाता है और सामान्य 50 करोड़ तक हो जाता है। कुल मिलाकर नवरात्र से दीपावली तक इसका टर्न ओवर 150 करोड़ का हो जाता है।
Published on:
30 Oct 2021, 12:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.