मेरठ। गुरूवार का दिन भाजपा और गठबंधन के लिए काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा। चुनावी नतीजों ने पल-पल दोनों की सांसों को ऊपर-नीचे करने का काम किया। जिस समय वोटों की गिनती का काम चल रहा था। उस दौरान कभी भाजपा के राजेन्द्र अग्रवाल का पलड़ा भारी होता तो कभी याकूब कुरैशी का। एक बार तो याकूब कुरैशी तीस हजार वोटों से अधिक की लीड़ ले गए। उस समय ऐसा लगा कि अब भाजपा मेरठ से हार जाएगी, लेकिन कुछ ही समय में राजेन्द्र अग्रवाल ने मार्जन को दस हजार से भी कम पर लाकर खड़ा कर दिया। हालांकि मेरठ-हापुड़ लोक सभा सीट पर भाजपा के राजेंद्र अग्रवाल ने गठबंधन के प्रत्याशी पर 4729 वोटों से जीत हासिल की, लेकिन मतगणना के दौरान जीत-हार को लेकर जबरदस्त हंगामा चलता रहा। भाजपा प्रत्याशी को विजयी घोषित करने के बाद याकूब कुरैशी के बेटे ने मतगणना स्थल पर हंगामा किया। इस दौरान एसएसपी नितिन तिवारी से भी उसकी नोकझोंक हुर्इ।