
मेरठ। बसपा प्रदेशाध्यक्ष मुनकाद अली को जब से बसपा में प्रदेश की कमान मिली है, तभी से वह नए-नए मामलों में चर्चा में रहे हैं। करीब एक महीने पहले किठौर में अपने कॉलेज में बिजली चोरी करने के मामले में चर्चा में रहे तो अब उनके भाई के पीछे पुलिस पड़ी होने के कारण चर्चाओं में हैं। चार दिन पहले किठौर के शाहजहांपुर निवासी यामीन ने बसपा नेता मुनकाद अली के भाई साजिद पर फार्म हाउस के पास गोली मारने का आरोप लगाया था। इसका वीडियो भी पुलिस को मिला था। इसके बावजूद यामीन ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इसके बाद से वीडियो के आधार पर पुलिस जांच कर रही है और मुनकाद अली के भाई पर शिकंजा कस दिया है। बताते हैं कि पुलिस ने मंगलवार की रात करीब ढाई बजे मुनकाद के भाई साजिद के घर दबिश डाली थी, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस तब से ताबड़तोड़ दबिश डाल रही है, लेकिन साजिद का कहीं पता नहीं चल पा रहा है। किठौर इंस्पेक्टर रोजंत त्यागी ने कहा कि साजिद की तलाश की जा रही है, लेकिन वह अभी गिरफ्त में नहीं आया है। घर की महिलाओं से भी इस संबंध में पूछताछ की, लेकिन अभी उसके बारें में नहीं पता चला है, मामले की जांच चल रही है। सीओ किठौर आलोक सिंह का कहना है कि यामीन की वीडियो के आधार पर ही मुकदमे में साजिद का नाम खोला गया है। उसे लेकर कई दबिशें दी गई हैं, उसके गिरफ्त में आने के बाद पूछताछ होगी।
Published on:
31 Oct 2019, 11:17 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.