पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी आशुतोष निरंजन ने बताया कि उदय योजना के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए डिस्काम द्वारा विद्युत चोरी रोकने के प्रयास किये जा रहे हैं। जिसके तहत चोरी बाहुल्य क्षेत्रों/हार्ड केसों को चिन्हित कर रेड अनुभाग एवं प्रवर्तन दल के साथ रेड डाली जा रही है। जिससे कि विद्युत चोरी पर अपेक्षित लगाम लगायी जा सके। उन्होंने बताया कि बीती रविवार यानी 8 अक्टूबर को रेड अनुभाग के अधिकारियों एवं प्रवर्तन दल द्वारा संयुक्त रूप से गुप्त सूचना के आधार पर विद्युत नगरीय वितरण खण्ड-प्रथम, नोएडा के अंतर्गत चोटपुर कालोनी सेक्टर-63, में एक स्कूल में छापा मारा गया। जिसमें 12 किलोवाट की विद्युत चोरी एवं 38 किलोवाट की अनियमितता पकड़ी गयी। हैरानी की बात कि स्कूल कटिया से सीधे विद्युत चोरी कर संचालित किया जा रहा था।