
मेरठ: पीएनबी घोटाले के मामले में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मेरठ शहर में आबू प्लाजा स्थित गीतांजलि ज्वैलर्स के यहां छापेमारी की। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम ने दुकान के गेट को अंदर से लाॅक करके छापेमारी की। जब तक ईडी के अधिकारियों ने यह छापेमारी की तब तक दुकान के अंदर ग्राहकों और व्यापारियों की एंट्री बंद कर दी गई।
ईडी द्वारा की गई इस छापामार कार्रवाई को नीरव मोदी से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल गीतांजलि ज्वैलर्स शहर के बड़े शोरूम में शुमार है। बता दें कि ईडी की टीम ने सोमवार को भी गीतांजलि के शोरूम में छापेमारी की थी। परन्तु साप्ताहिक अवकाश होने के कारण कल कुछ नहीं हो पाया था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक टीम एक सर्राफ समेत कई शोरूमों में जानकारी लेने के बाद वापस लौट गई थी। बाद में उसके अगले ही दिन मंगलवार को एक बार फिर से छापामार कार्रवाई शुरू की।
शहर के प्रमुख बाजार में ईडी की टीम द्वारा ज्वैलर्स के यहां पर की गई छापेमारी की सूचना पर व्यापारी नेता भी एकत्र हो गये परन्तु इससे पहले वह कुछ कर पाते ईडी की टीम अपनी कार्रवाई करके वहां से वापस चली गई। जाते समय ईडी की टीम अपने साथ दो बैग भी ले गई।
वहीं शोरूम को खाली देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि टीम द्वारा सारी ज्वैलरी को अपने कब्जे में ले लिया गया है। वहीं दूसरी तरफ शोरुम से जुड़े अवनीश शर्मा ने बताया कि टीम उनके शोरुम पर आई जरुर थी लेकिन छापेमारी में किसी भी प्रकार का सिजर नहीं किया गया है। जो भी कार्रवाई की गई है वो रुटीन में थी। कहा यह भी जा रहा है कि ईडी की टीम ने शोरुम पर ज्वैलरी का स्टॉक भी चैक किया।
Published on:
20 Feb 2018, 5:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.