
दरोगा के पक्ष में उतरा यह राजनैतिक दल, कही ये बड़ी बात आैर साथ ही भाजपा को दी कड़ी चेतावनी
मेरठ। बाईपास स्थित ब्लैक पेपर रेस्टोरेंट में मारपीट का मामला अब राजनीतिक रंग में रंगने लगा है। अब तक जहां भाजपा मारपीट के आरोपी अपने पार्षद और रेस्टोरेंट मालिक व भाजपा पार्षद के पक्ष में लामबंद हो रही थी। वहीं अब रालोद दरोगा के पक्ष में कूद गया है। दोपहर रालोद ने कमिश्नरी पर प्रदर्शन करते हुए मामले को राजनैतिक रंग दे दिया। रालोद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए एसएसपी अखिलेश कुमार से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
दरोगा की पिटार्इ में भाजपा की है दबंगर्इ
रालोद नेता राजकुमार सांगवान ने कहा कि पूरे मामले में भाजपा पार्षद की दबंगई सामने आई है। वह जिस तरह से दरोगा का पीट रहा है उससे कहीं भी उसमें पुलिस के प्रति सम्मान या भय वाली कोई बात ही नहीं दिख रही। भाजपा पार्षद की ये हरकत देखकर तो लगता है कि भाजपाई सत्ता में आने के बाद अपना आपा खो बैठे हैं। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में मानवता नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। इस घटना से पुलिस का मनोबल तो गिरा ही है साथ ही समाज में गुंडा तत्व के हावी होने के संकेत भी मिल रहे हैं। इस घटना से आमजन में भी असुरक्षा की भावना पनप आई है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष कोई भी हो, लेकिन उसके पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपने अनुशासन में रहना चाहिए। भाजपाई तो अनुशासित होने का ढोंग पीटते हैं, लेकिन कितना अनुशासित हैं इस घटना से पता चल गया।
सत्ता पक्ष पुलिस अफसरों पर दबाव बना रहा
रालोद के जिलाध्यक्ष राहुल देव ने कहा कि सत्ता पक्ष पुलिस अधिकारियों पर दबाव बना रहा है, लेकिन अगर ऐसा हुआ तो हम सत्ता पक्ष की ईट से ईट बजा देंगे। पुलिस अधिकारी निष्पक्ष होकर काम करें रालोद पुलिस अधिकारियों के साथ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सत्ता के लोग पुलिस पर अनावश्यक दबाव बनाएंगे तो राष्ट्रीय लोकदल बड़ा आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा। इस दौरान डॉ राजकुमार सांगवान, भोपाल गुर्जर, यशवीर सिंह, राममेहर गुर्जर, आदित्य पंवार, कुलदीप हुड्डा आदि मौजूद रहे।
Published on:
24 Oct 2018 02:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
