
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ. प्रतिदिन बढ़ रहे पेट्रोल और डीजल के दामों के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने ठंडी अंगीठी में रोटी सेककर बढ़ती महंगाई का विरोध किया। महिला कार्यकर्ताओं का कहना था कि रसोई गैंस के दामों में बढ़ोतरी हो रही है, जिसके चलते आम लोगों के घरों के चूल्हे ठंडे पड़े हुए हैं। वहीं, पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों ने आम लोगों के साथ मध्यमवर्गीय लोगों की भी कमर तोड़ दी है।
वरिष्ठ सपा नेता परविंदर सिंह ईशु ने कहा कि भाजपा सरकार को अब बैसाखी की जरूरत है। सरकार से नहीं संभल रहा है। मंदिर और मस्जिद की राजनीति करने वाले कभी देश का भला नहीं कर सकते। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों ही अपनी जिम्मेदारियां निभाने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। वहीं इस दौरान भारी संख्या में कमिश्नरी पर पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी की। सपाइयों ने मोदी-योगी होश में आओ जैसे नारे लगाए।
आटा और ठंडी अंगीठी लेकर बैठी महिला सपा कार्यकर्ता ने कहा कि कैसे रोटी बनाएं, न तो गैस है और न ही उनके यहां पर राशन है। इस महंगाई के चलते सब कुछ मुश्किल हो गया है। महिला कार्यकर्ताओं ने स्मृति इरानी पर तंज कसते हुए कहा कि अब कहां हैं स्मृति ईरानी, जो महंगाई के विरोध में सिलेंडर सड़कों पर रखकर प्रदर्शन करती थीं।
Published on:
12 Feb 2021 11:31 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
