लिसाड़ी गेट के बफर जोन लक्खीपुरा में सोमवार की रात बच्चों के विवाद में बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से हथियारों से लैस युवकों को बुला लिया गया। आधे घंटे तक पथराव और गोलीबारी हुई। दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। एक युवक के सिर में गोली लगी हैं और हालत बेहद गंभीर है। लिसाड़ी गेट के लक्खीपुरा गली नंबर 18 निवासी रिहान पड़ोस के रहने वाले अहमद के साथ सोमवार रात खेल रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। रिहान ने अहमद को थप्पड़ मार दिया। अहमद ने घर जाकर पिता मुनकाद से शिकायत की। मुनकाद बेटे के साथ रिहान के घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट कर दी। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया। रिहान के पिता शहजाद ने अपने पक्ष के जैद, सलमान और कुछ अन्य को बुला लिया। दूसरी ओर से मुनकाद ने भी कुख्यात अपराधी नवैद उर्फ बिल्लोरी, मेहराज कालिया निवासी किदवईनगर और रईसुद्दीन को बुला लिया।