मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों में स्नातक और परास्नातक कक्षाओं की मुख्य परीक्षा के लिए संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। नौ मार्च से मुख्य परीक्षा शुरू होंगी। विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा- 2018 रेगुलर, प्राइवेट, एकल विषय, श्रेणी सुधार, बैक पेपर की परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। विश्वविद्यालय की परीक्षा पांच मार्च की जगह नौ मार्च से शुरू हो रही है। परीक्षाएं 12 मई तक चलेंगी। मुख्य परीक्षा में वस्तुनिष्ठ परीक्षा की समय अवधि दो घंटे है। बाकी की परीक्षाएं तीन पालियों में तीन-तीन घंटे की होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह सात बजे से दस बजे और दूसरी पाली की परीक्षा 11 बजे से दो बजे और तीसरी पाली की परीक्षा तीन बजे से छह बजे के बीच में है। पहले दिन बीए फाउंडेशन कोर्स की परीक्षा है, जबकि बीए एजुकेशन, पॉलिटिकल साइंस और बीएससी केमिस्ट्री की परीक्षा सबसे आखिर में 12 मई को है। एलएलबी और एमए की मुख्य परीक्षा 10 मार्च से है। विवि के परीक्षा नियंत्रक नारायण प्रसाद ने बताया कि छात्र-छात्राएं अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।