केपी त्रिपाठी, मेरठ। मेरठ पश्चिम उप्र का एक ऐसा जिला। जिसे जल संपदा के मामले में धनी कहा जाए तो कोई अतिश्योक्ति न होगी, लेकिन मेरठवासी अपनी इस जल संपदा को बचाने के लिए कितने जागरूक और सतर्क हैं, यह आपको इस वीडियो को ही देखकर पता चल जाएगा। मेरठवासियों के लिए पानी का कोई मोल नहीं है। यह यहां के लोगों के लिए न तो अनमोल है और न ही कोई ऐसी जरूरी चीज जिसको कि सहेजा जा सके। यह बात अलग है कि सरकारें लोगों को पानी संरक्षण के लिए नित नए उपाए बता रही हैं, लेकिन इसके बाद भी मेरठवासी इसके प्रति सजग नहीं है। सामान्य चार सदस्य का परिवार प्रतिदिन 450 लीटर (120 गैलन) पानी का प्रयोग करता है, जो कि साल में 164,000 लीटर (44000 गैलन) होता है। यदि हम भारत की बात करें तो देखेंगे कि एक तरफ दिल्ली, मुंबई जैसे महानगर हैं, जहां पानी की किल्लत तो है। वहीं दूसरी तरफ मेरठ है जहां पर हजारों गैलन पानी प्रतिदिन बर्बाद कर दिया जाता है। इतना सब कुछ होने के बाद भी यहां पर पानी की समस्या विकराल रूप में नहीं है।