मेरठ। बारिश के बाद मौसम अब साफ हो गया है। अब हालांकि बारिश की संभावना तो नहीं है, लेकिन गर्मी प्रचंड रूप जरूर ले लेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने एेसे आसार जताए हैं। वेस्ट यूपी, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में आने वाले दिन काफी गर्म होने वाले हैं। सुबह के तापमान हल्की सी गिरावट देखने को मिलेगी, लेकिन दिन में तापमान बढ़ता चला जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार मई के आखिरी दिन और जून के प्रथम सप्ताह में लू चलने के आसार बन रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो गर्मी धीरे-धीरे बढ़ती ही जाएगी। आगामी सप्ताह में पारा 40 से 45 डिग्री के बीच रहने की आशंका भी जताई गई है। मेरठ में सोमवार को सुबह से ही तेज धूप रही आैर तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा।