
Weather Alert: पश्चिमी उत्तर प्रदेश अब कड़ाके की ठंड की चपेट में आ रहा है। तापमान तेजी से गिर रहा है। मेरठ में रविवार की रात प्रदेश भर में सबसे अधिक ठंडी रही। रविवार की रात मेरठ का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री तक पहुंच गया। जिससे लोगों को ठंड का अहसास हुआ। बता दें कि उत्तरी हिमालय की ओर से अब बर्फीली हवा ने पश्चिमी यूपी में दस्तक दे दी है। कुछ दिन में ये बर्फीली हवाएं धीरे-धीरे करके पूर्वी जिलों को भी प्रभावित करेंगी। यही कारण रहा कि बीते रविवार रात जिले का न्यूनतम तापमान गिर कर 8.2 डिग्री पर पहुंच गया।
प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडी रात मेरठ की रही तो दूसरे नंबर पर मुजफ्फरनगर रहा। मुजफ्फरनगर का न्यूनतम तापमान भी 8.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के ऊपर है। वहीं दिल्ली में 10.1 डिग्री रहा। मेरठ में सोमवार सुबह के समय से ही सफेद धुंध की चादर छाई रही साथ ही सुबह की शुरुआत धूप के साथ हुई। लेकिन ठंडी हवा के झोके सिहरन पैदा करते रहे।
सामान्य से पांच डिग्री कम
इस समय पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में हिमालय से ठंडी हवाओं का प्रवाह जारी है। दिन में मौसम साफ है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.4 डिग्री रहा। रात में तापमान में काफी कमी देखी जा रही है। रविवार को न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। ठंड का आलम यह है कि यहां से जम्मू वैष्णो देवी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। नैनीताल में आठ डिग्री रहा।
14 नवंबर को प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
मेरठ - 8.2
मुजफ्फरनगर - 8.4
दिल्ली - 10.1
आगरा - 12.1
कानपुर - 12.2
बिजनौर - 13.6
लखनऊ - 14.5
रविवार को दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27 डिग्री दर्ज किया गया था। रविवार को न्यूनतम तापमान में 24 घंटे की तुलना में दो डिग्री की गिरावट हुई। वर्ष 2020 में गत वर्ष 21 नवंबर के बाद तापमान 10 डिग्री से नीचे आया था। वहीं, 2019 में नवंबर में पूरे माह रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे नहीं गया था। 2018 में नवंबर में सबसे निम्नतम तापमान ही 9.2 डिग्री रहा था। वहीं, इस बार 13 नवंबर को ही तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है।
Published on:
15 Nov 2021, 11:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.