जानकारी के मुताबिक सलमान के धुर-विरोधी कुख्यात शारिक और उसके गुर्गे का भी नसरीन के घर आना-जाना था। उसने शहरीन और सलमान के बीच बढ़ती नजदीकियों पर ऐतराज जताया था। रविवार को नसरीन बेटी के पीछे स्कूटी पर बैठकर समर कालोनी डी ब्लॉक से घर लौट रही थी। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में अंजुम पैलेस के पास अपाचे सवार बदमाशों ने सिर में चार गोलियां मारकर नसरीन की हत्या कर दी। दो गोली बदमाशों ने चलते हुए मारी। स्कूटी गिरने पर शहरीन भाग खड़ी हुई, जिसके बाद बदमाशों ने नजदीक आकर दो गोलियां नसरीन के सिर में उतार दी। सूत्रों द्वारा शारिक गैंग के वारदात को अंजाम देने की बात कही जा रही है, हालांकि इस संबंध में अभी परिजनों ने खुलकर कुछ नहीं कहा है। घटना के बाद से शहरीन का रोकर बुरा हाल था। वह चीख-चीखकर सड़क पर पड़ी मां को अस्पताल ले जाने के लिए लोगों से कह रही थी, लेकिन उसकी मदद को कोई नहीं आया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी मां का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।