मिर्जापुर. यूपी के मुख्यमंत्री और डीजीपी भले ही पुलिस को आम जनता के साथ रहमदिली और मोहब्बत से पेश आने की हिदायत देते हों, पर शायद उनके मातहत इसे सीरियस नहीं लेते। यही वजह है कि आए दिन पुलिस पर ज्यादती और दुर्व्यवहार का आरोप लगता रहता है। ताजा मामला मिर्जापुर का है जहां अपनी फरियाद लेकर पहुंचे एक युवक के साथ पुलिस ने न सिर्फ दुर्व्यवहार किया, बल्कि उसे थप्पड़ भी जड़े। यह पूरा मामला मीडिया के कैमरों में कैद हो गया। वीडियो में एक पुलिस अधिकारी युवक को थप्पड़ मारते हुए भगाते दिख रहा है। युवक का दावा है कि उसे पुलिस ने बिना किसी कसूर के मारा। वहीं, एसपी आशीष तिवारी का कहना है कि यदि मामले का वीडियो है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।