
दिल्ली एम्स के डॉक्टर की गर्भवती पत्नी के बाद भाई भी निकला कोरोना पॉजिटिव
नई दिल्ली. चीन में महामारी बनकर फैले कोरोना वायरस अब पूरी दुनिया में फैल चुका है। कोरोना वायरस को लेकर जारी जंग में एम्स के डॉक्टर बुनियादी सुविधाओं को लेकर ही चिंतित हैं। साथ ही उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता है। वहीं दिल्ली में गुरुवार को एम्स का एक रेजिडेंट डॉक्टर भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गया था। हालांकि, उनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं थी। डॉक्टर के संपर्क में आए सभी लोगों को क्वारनटीन करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी। फिर डॉक्टर की पत्नी का भी कोरोना वायरस का टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। अब डॉक्टर के भाई में भी कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। उसे एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। अपने ही घर के दो लोगों को संक्रमित करने वाले रेजिडेंट डॉक्टर ने न तो हाल-फिलहाल में विदेश यात्रा की थी और न ही वह कोविड मेडिकल टीम में शामिल था।
मरकज लौटने के बाद से ही दिखने लगा लक्षण
स्वास्थ्य विभाग तीन दिन से उसके संक्रमित होने का कारण तलाश रहा था। विभाग के मुताबिक, रेजीडेंट डॉक्टर दो सप्ताह पहले निजामुद्दीन स्थित मरकज में गया था। हालांकि वह धार्मिक आयोजन में शामिल हुआ था या नहीं, इसके बारे में विभाग को जानकारी नहीं है। मरकज से लौटने के बाद कुछ दिन बाद ही उसमें कोरोना के लक्षण दिखने लगे थे। इसके बाद भी वह इसे नजरंदाज करता रहा।
फेयरवेल पार्टी में भी हुए शामिल
वह कुछ ही दिन पहले एम्स के एक वरिष्ठ प्रोफेसर की सेवानिवृत्ति से पहले हुई फेयरवेल पार्टी में भी शामिल हुआ था। इस दौरान वह अपने हौजरानी स्थित आवास से एम्स तक डीटीसी बस से ही आना-जाना करता था। विभाग अब उस डीटीसी में जाने वाले सभी लोगों का पता लगाने में जुटा है। उधर, एम्स प्रबंधन ने रेजिडेंट डॉक्टर के निजामुद्दीन स्थित मरकज जाने पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
गौरतलब है कि शनिवार को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में दो कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती किया गया है। इनमें से एक रेजिडेंट डॉक्टर का भाई है। वहीं रेजिडेंट डॉक्टर और उसकी पत्नी को प्राइवेट वार्ड में आइसोलेशन में रखा गया है। यहीं उनका नवजात शिशु भी है।
Published on:
5 Apr 2020, 11:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.