
कश्मीर: भारत में हमले को लेकर पाकिस्तान की नई रणनीति, आतंकियों के साथ कमांडोज तैनात
नई दिल्ली। करतापुर साहिब कॉरिडोर के माध्यम से भारत के साथ दोस्ती की बात करने वाला पाकिस्तान अपनी नाकाप हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। यही कारण है कि सीमा पर घुसपैठ के प्रयासों के बावजूद अब पाक सेना ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाने के लिए आतंकियों के साथ-साथ स्पेशल सर्विस ग्रुप के कमांडोज का इस्तेमाल भी शुरू कर दिया है। यही नहीं कश्मीर के रजौरी और पुंछ सेक्टर पर इन स्नाइपर्स की तैनाती भी की गई है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों को मिली इस खुफिया जानकारी के बाद सीमा बल अलर्ट हो गया है।
घुसपैठ के प्रयासों को कर दिया नाकाम
दरअसल, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को सीमा पार लश्कर ए तैयबा के आतंकी समेत स्पेशल कमांडोज द्वारा रजौरी और पुंछ कृष्णा घाटी सेक्टर से हमले की साजिश की सूचना मिली थी। जिसके बाद सीमा पर चौकसी बढ़ाते हुए सीमा बलों को अलर्ट कर दिया गया है। आपको बता दें कि हाल ही में सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान की बॉर्डर ऐक्शन फोर्स (बैट) की भारतीय सीमा में घुसपैठ के प्रयासों को नाकाम कर दिया था। एक अधिकारी के अनुसार इसका तोड़ निकालते हुए पाकिस्तान ने भारतीय चौकियों को निशाना बनाने की दूसरी तरकीब निकाली है। इसके तहत पाकिस्तान ने कमांडोज और आतंकियों के करीब 5-6 ग्रुप बनाए हैं।
हर टीम में करीब 30 लोग शामिल
जानकारी के अनुसार इस ग्रुप की हर टीम में करीब 30 लोग शामिल हैं। खुफिया एजेंसियों को सूचना मिली है कि ये हमले रजौरी और पुंछ से किए जा सकते हैं। आपको बता दें कि करतारपुर कॉरिडोर समारोह के समय पाकिस्तान ने भारत की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाने की बात कही थी। पाक पीएम इमरान ने कहा था कि अगर भारत दोस्ती के लिए एक कदम उठाता है, तो वह दो कदम उठाएगा।
Updated on:
04 Jan 2019 12:40 pm
Published on:
04 Jan 2019 11:28 am
