
MBBS Admission, अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। अविभाजित सरगुजा संभाग के अंबिकापुर और मनेंद्रगढ़ स्थित मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण पूरा हो गया है। राज्य कोटे के पहले राउंड में अंबिकापुर के राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कॉलेज (Ambikapur Medical College) में 96 और मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज में 41 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। दोनों कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया अभी जारी है। शासन के निर्देशानुसार 15 सितंबर से एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है। बता दें कि मान्यता मिलने के बाद मनेंद्रगढ़ में इस वर्ष पहली बार दाखिला लिया गया है। मेडिकल कॉलेज का अपना भवन नहीं होने की वजह से फिलहाल सामुदायिक भवन में कक्षाएं शुरु करने की तैयारी है।
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कुल 125 सीटें हैं। इनमें 104 सीटें राज्य कोटा, 18 ऑल इंडिया और ३ सेंट्रल कोटे की हैं। पहले चरण में राज्य कोटे की 96 सीटों पर विद्यार्थियों ने प्रवेश (Admission in MBBS) लिया है। कॉलेज प्रबंधन को उम्मीद है कि दूसरे और तीसरे राउंड में शेष सीटें भी भर जाएंगी।
वहीं मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कुल 50 सीटें हैं। इनमें 42 राज्य कोटा, सात ऑल इंडिया और एक सेंट्रल कोटे की सीट शामिल है। पहले राउंड में राज्य कोटे की 41 सीटों पर प्रवेश हो चुका है। अब कॉलेज प्रबंधन को दूसरे राउंड का इंतजार है।
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरसी आर्या ने बताया कि पहले राउंड में 96 विद्यार्थियों का प्रवेश हुआ है और यह स्थिति अच्छी है। हालांकि, अपग्रेडेशन राउंड में कुछ विद्यार्थी दूसरे कॉलेज में जा सकते हैं। ऐसे में कुछ सीटें खाली होने की संभावना है, जिन्हें दूसरे या तीसरे राउंड में भरा जाएगा।
मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को शासन से मान्यता मिलने के बाद इस वर्ष यहां पहली बार एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी। कॉलेज भवन और अस्पताल (MBBS College Building) का निर्माण कार्य जारी है।
फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सामुदायिक भवन में कक्षाएं संचालित करने की तैयारी है। एनएमसी के मानकों के अनुरूप 220 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज से संबद्ध किया गया है। मनेंद्रगढ़ शहर से करीब 6-7 किलोमीटर दूर परसगढ़ी में करीब 35 करोड़ रुपए की लागत से मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है।
शासन ने मेडिकल कॉलेजों में 15 सितंबर से एमबीबीएस की कक्षाएं (MBBS class) शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए कम से कम 50 प्रतिशत प्रवेश पूरा होने के बाद कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है। दोनों कॉलेजों में पहले राउंड का प्रवेश 50 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। अब दूसरे राउंड की प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
इस संबंध में डीन रंजना सिंह आर्या का कहना है कि मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस (MBBS) की कुल 50 सीटें हैं। राज्य कोटे के पहले राउंड में इनमें से 41 सीटों पर विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। अब शेष सीटों के लिए दूसरे राउंड का इंतजार है।
वहीं अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरसी आर्या का कहना है कि अंबिकापुर स्थित राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कुल 125 सीटें हैं। पहले राउंड में 96 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। प्रवेश का दूसरा राउंड 15 सितंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
Updated on:
06 Sept 2026 08:35 pm
Published on:
06 Sept 2026 08:29 pm
