नई दिल्ली। दशहरे के दिन अमृतसर में हुए रेल हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में अब तक 61 से ज्यादा लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। यहां हैरान करने वाली बात यह है कि हादसे के समय रेलवे ट्रैक से गुजरी दोनों ट्रेनों में न्यूमेटिक एयरब्रेक सिस्टम लगा था। बावजूद इसके ड्राइवरों ने इस तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया। हादसे के दौरान ड्राइवर थोड़ी भी सावधानी बरतते तो इतनी बड़ी जनहानि न होती। दरअसल, न्यूमेटिक एयरब्रेक सिस्टम, भारतीय रेलवे की एडवांस टेक्नोलॉजी मानी जाती है। यह एक ऐसी टेक्नोलॉजी जिसमें ब्रेक सिस्टम इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से ऑपरेट होता है। इस टेक्नोलॉजी के मदद से किसी भी इमर्जेंसी में गाड़ी को तुरंत रोका जा सकता है। ब्रेक लगने के बाद तेज गति से चल रही ट्रेन महज 100 मीटर की दूरी पर जाकर रुक जाती है।