कोलकाता, मायापुर.
श्री कृष्ण के जन्म की घडिय़ां आ चुकी हैं। देश- विदेश में सनातन के इस मनमोहक अवतार के आर्विभाव के उत्सव शुरू हो चुके हैं। ऐसे में भारत के उन लोगों के लिए इस खबर का सरोकार बढ़ जाता है, जो शाकाहारी हैं व निकट भविष्य में विदेश यात्रा पर जाने की इच्छा रखते हैं। कृष्ण के चैतन्य स्वरूप की पूजा करने वाले वैश्विक संगठन इस्कॉन से ऐसे लोगों को विदेश में मदद मिलेगी।
पश्चिम बंगाल के मायापुर में मुख्यालय वाले इस्कॉन के विश्व के 350 से ज्यादा बड़े शहरों में केन्द्र हैं, जिनमें मंदिर हैं, कीर्तन होते हैं। अधिकांश में शाकाहारी रेस्तरां भी हैं। जो कृष्ण ठाकुर को लगे प्रसाद का वितरण करते हैं। वैसे इस्कॉन से जुड़े भक्तों के आवास व स्थानीय केन्द्रों की विदेशों में संख्या हजारों में हैं। अमरीका, रशिया, जापान, अफ्रीका से लेकर चीन, मलेशिया, आस्ट्रेलिया तक में आपको कृष्ण भक्ति के साथ उनका प्रसाद भी मिलेगा।