पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को एक और कदम उठाते हुए नए पुलिस भवन (सरदार पटेल भवन) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने 26 नए थानों और 109 पुलिस भवनों की रिमोट द्वारा शुरुआत की और 46 पुलिस भवनों का शिलान्यास किया। पटना के जवाहर लाल नेहरू मार्ग पर 305 करोड़ की लागत से बने राज्य के पहले भूकंपरोधी सरदार पटेल भवन के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जिस तरह पुलिसकर्मियों को सुरक्षित रखने के लिए सजग है, उसी तरह पुलिसकर्मियों का भी दायित्व है कि राज्य के लोगों को सुरक्षित और भयमुक्त रखा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस को पूरी तरह अत्याधुनिक बनाने के लिए तत्पर है।