कायरतापूर्ण हमले की रमन सिंह ने की भर्त्सना
छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह ने सुकमा में सीआरपीएफ के जवानों पर घात लगाकर हमला किए जाने की घटना की कठोर शब्दों में निंदा की है। सिंह ने इस हमले को नक्सलियों की कायरतापूर्ण हरकत बताया है। उन्होंने सीआरपीएफ के जवानों की शहादत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। सीएम ने कहा कि सुकमा जैसे आदिवासी बहुल जिलों में राज्य सरकार की तरफ से जनता की सुविधा के लिए सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा आदि के क्षेत्र में हर प्रकार के निर्माण और विकास के कार्य किए जा रहे हैं। इससे इन जिलों की तस्वीर बदल रही है और नक्सलियों का अस्तित्व संकट में है। इससे घबराकर उनके द्वारा विकास कार्यों में रुकावट डालने के लिए इस प्रकार का कायरतापूर्ण और शर्मनाक हमला किया गया है। यह नक्सलियों की जन-विरोधी और विकास-विरोधी हिंसक मानसिकता का परिचायक है।