
नई दिल्ली। सीमा विवाद को लेकर भारत और चीन के बीच विवाद अभी सुलझा सा नजर नहीं आ रहा है। चीन की तरफ से भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिशें लगातार की जा रही हैं। ये खुलासा आईटीबीपी की एक ताजा रिपोर्ट में हुआ है। आईटीबीपी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक महीने के अंदर चीनी सैनिकों ने भारतीय सीमा में 35 बार घुसपैठ की है। ये घुसपैठ लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश के इलाकों में की गई है। आईटीबीपी ने ये रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंपी है।
आईटीबीपी के जवानों ने चीनी सैनिकों को खदेड़ा
आईटीबीपी की रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले 30 दिनों के अंदर चीन की सेना ने 35 बार LAC को पार किया है, लेकिन हमारे जवानों ने चीनी सैनिकों को हर बार खदेड़ दिया है। आईटीबीपी की कार्रवाई की चीनी सैनिकों को वापस अपनी सीमा में लौटना पड़ा।
14 किलोमीटर तक भारतीय सीमा मे घुस आया था चीन
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन ने इसी महीने उत्तरी लद्दाख के DBO में सुबह के वक्त गाड़ी के जरिये 14 किलोमीटर तक भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की थी। इसके अलावा चीन की PLA ने लद्दाख के ट्रिग हाईट में ताबड़तोड़ घुसपैठ की। मार्च के महीने में 18, 21, 24, और 30 मार्च को दो-दो बार चीनी सैनिक भारतीय सीमा में घुस आए थे, लेकिन आईटीबीपी के जवानों की मुस्तैदी को देखते हुए उन्हें वापस अपनी सीमा में लौटना पड़ा।
हेलिकॉप्टर के जरिए भी की घुसपैठ
गृह मंत्रालय की सौंपी गई आईटीबीपी की रिपोर्ट के मुताबिक, लद्दाख के ट्रैक जंक्शन में सुबह 8.30 बजे 2 चीनी हेलीकॉप्टर ने घुसपैठ की थी। चीन के ये हेलीकॉप्टर 18 किलोमीटर तक भारतीय सीमा के अंदर दाखिल हो गए थे। चीन ने हेलीकॉप्टर से घुसपैठ कर भारत के एयरस्पेस का उल्लंघन किया, जिस पर ITBP ने अपना विरोध जताया।
इन दिनों में चीनी सैनिकों ने की घुसपैठ
ITBP ने गृह मंत्रालय को जानकारी दी है कि लद्दाख के डेपसांग एरिया में चीन ने लगातार घुसपैठ की है। 17 मार्च, 22 मार्च, 23 मार्च, 28 मार्च और 1 अप्रैल को चीन ने 10 से लेकर 19 किलोमीटर तक डेपसांग के इलाके में घुसपैठ की है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले महीने 21 मार्च को चीनी सेना के 4 हेलीकाप्टर लद्दाख के ट्रिग हाईट और डेसपांग इलाके में देखे गये जो भारतीय सीमा में 17 किलोमीटर अंदर तक दाखिल हो गए थे।
एक तरफ घुसपैठ तो दूसरी तरफ बातचीत चाहता है चीन
आईटीबीपी की ये रिपोर्ट चिंता का विषय इसलिए हैं क्योंकि एक तरफ तो चीन भारतीय सीमा में घुसपैठ से बाज नहीं आ रहा है तो वहीं दूसरी तरफ बातचीत के जरिए सीमा विवाद को सुलझाने पर भी जोर दे रहा है। हाल ही में चीन ने भारत से सीमा विवाद पर हल्ले (हाइप) के बजाए सीमावर्ती इलाके में शांति बनाए रखने के लिए बीजिंग के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया है।
लद्दाख क्षेत्र सैनिकों के बीच हुई थी हाथापाई!
आपको बता दें कि चीन के साथ भारत का सीमा विवाद पिछले कुछ समय में खुलकर सामने आया है। डोकलाम, लद्दाख और अरुणाचल के कई इलाकों में चीना सैनिकों को घुसपैठ से रोका गया है। पिछले साल लद्दाख से ही एक वीडियो सामने आया था, जिसमें भारतीय जवान चीनी सैनिकों को बॉर्डर में दाखिल होने से रोक रहे थे। इस दौरान दोनों तरफ के सैनिकों के बीच हाथापाई तक हो रही थी।
Published on:
16 Apr 2018 10:48 am
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
