
ड्रैगन ने फिर की सीमा में घुसने की कोशिश, भारतीय जवानों ने ऐसे खदेड़ा
नई दिल्ली। डोकलाम विवाद के बाद चीन ने एक बार फिर भारतीय सीमा में घुसने जुर्रत की है। इस बार ड्रैगन ने दो तरफा अटैक किया है। दरअसल एक तरफ अरुणाचल प्रदेश की सीमा से देश में घुसने की कोशिश की वहीं दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर के लद्दाख में चीन ने हेलिकॉप्टर के जरिये देश की सीमा में एंट्री कर चक्कर लगाया। हालांकि दोनों ही जगह से देश के जवानों ने इन्हें वापसी का रास्ता दिखा दिया।
अरुणाचल प्रदेश से घुसने की योजना
चीन के सैनिकों ने भारत की सीमा में घुसने के लिए अरुणाचल प्रदेश की सीमा को चुना। हालांकि ये घटना दस दिन पहले की है, जब चीनी सैनिक बड़ी संख्या में अरुणाचल प्रदेश के रास्ते देश की सीमा में दाखिल हो गए। इसके बाद भारतीय सैनिक तुरंत हरकत में आए और चीनी सैनिकों को ये कहकर खदेड़ा कि ये उनका नहीं बल्कि हिंदुस्तान का इलाका है। भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद फौरन चीनी सैनिकों ने अपनी सीमा की तरफ रुख किया।
5 मिनट तक भारत की सीमा में उड़ता रहा चीनी हेलिकॉप्टर
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है कि चीन के दो हेलिकॉप्टर भारतीय सीमा में देखे गए। रिपोर्ट के मुताबिक, ये दोनों हेलिकॉप्टर बीते 27 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे लद्दाख के बुर्तसे और ट्रैक जंक्शन पोस्ट के आसपास देखे गए। दोनों चीनी हेलीकॉप्टर MI-17 की तरह दिख रहे थे। ये हेलिकॉप्टर करीब 5 मिनट तक भारतीय हवाई क्षेत्र में रहे।
पिछले महीने में चीन ने लद्दाख के अलग-अलग सेक्टर में 14 दिनों में 14 बार घुसपैठ की। आईटीबीपी रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की सेना ने लद्दाख के ट्रिग हाईट और ट्रैक जंक्शन में 7 अगस्त और 16 अगस्त को 6 किलोमीटर तक अंदर आ गए थे।
Published on:
15 Oct 2018, 12:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.