
Congress Bharat Bandh
नई दिल्ली। देश में लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दामों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने सोमवार यानि कि 10 सितंबर को भारत बंद का ऐलान किया है। इस महीने में एक बार फिर से दूसरी बार भारत बंद लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगा। इससे पहले एससी-एसटी एक्ट के विरोध में संवर्ण समाज के लोगों ने 6 सितंबर को भारत बंद का ऐलान किया था। उसी दिन कांग्रेस पार्टी ने 10 सितंबर के भारत बंद का ऐलान कर दिया था। कांग्रेस पार्टी के इस बंद को डीएमके, एनसीपी, आरजेडी और जेडीएस का भी समर्थन मिल गया है। कांग्रेस पार्टी ने कई एनजीओ और सिविल सोसाइटी ग्रुप से भी इस राष्ट्रव्यापी बंद में शामिल होने का आह्वान किया है।
सुबह 9 बजे से लेकर 3 बजे तक रहेगा भारत बंद
सोमवार को कांग्रेस पार्टी का भारत बंद सुबह 9 बजे से लेकर 3 बजे तक के बीच में रहेगा। पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि समय ऐसा रखा गया है, जिससे कि आम लोगों को असुविधा नहीं होगी। लेकिन इसके बावजूद भी आम लोगों को हर तरह से इस बंद के लिए तैयार रहना होगा। कई जरूरी कामकाज को अगर आज ही खत्म कर लिया जाए तो बेहतर होगा। माना जा रहा है कि देश में कई जगहों पर पेट्रोल पंपों को भी बंद रखा जा सकता है।
कांग्रेस समेत 18 राजनीतिक दल होंगे बंद में शामिल
आपको बता दें कि देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में 18 राजनीतिक दल इस बंद का हिस्सा होंगे। आपको बता दें कि देश में पेट्रोल-डीजल के दाम और एक्साइज ड्यूटी में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कांग्रेस के अलावा समाजवादी पार्टी, डीएमके, एनसीपी, आरजेडी, जेडीएस, जेवीएम और जेएमएम जैसे राजनीतिक दल इस बंद में शामिल होंगे। कई वामपंथी दल भी भारत बंद में कांग्रेस का समर्थन करेंगे। हालांकि इस बीच में टीएमसी बंद में शामिल नहीं होगी। वो राज्य में सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करेगी।
इन राज्यों में होगा बंद का व्यापक असर
भारत बंद का व्यापक असर उन राज्यों में अधिक दिखेगा जहां कांग्रेस सत्ता से बाहर है या फिर बीजेपी सत्ता में हैं। महाराष्ट्र, बिहार, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु जैसे राज्यों में बंद का व्यापक असर दिख सकता है।
Published on:
09 Sept 2018 03:05 pm
