राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज (Anil Vij ) ने कहा, 'प्रदेश में आगामी 31 मार्च तक सिनेमा हॉल, स्कूल, जिम, स्विमिंग पूल, नाइट क्लब आदि बंद रहेंगे। इसके अलावा सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल प्रतियोगिता व पारिवारिक कार्यक्रमों में 20 से अधिक संख्या में लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यहां पूरे राज्य में धारा 144 लागू कर दी गई है, जिसके अंतर्गत किसी भी सार्वजनिक स्थान पर 20 से अधिक लोग एकत्र नहीं हो सकते। गुड़गांव और फरीदाबाद में लगाई गई धारा 144 के अंतर्गत केवल 5 लोग ही एक बारी में एक स्थान पर एकत्र हो सकते हैं। यदि इससे अधिक लोग किसी सार्वजनिक स्थान पर एकत्र होते हैं, तो उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा सकती है।'