नई दिल्ली. चीन के वुहान शहर से निकला बेहद संक्रामक और जानलेवा कोरोना वायरस अब तक दुनिया भर में 47,273 से अधिक लोगों की जान ले चुका है। अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या भी 937,941 के पार जा चुकी है। भारत में भी कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 2000 पर पहुंच गयी है। भारत में कोरोना वायरस की जांच के लिए मेक इन इंडिया (Make in india) के तहत बनाई गई किट की आपूर्ति में अब तेजी आएगी। पुणे स्थित डायग्नोस्टिक कंपनी मायलैब डिस्कवरी सॉल्यूशन (Diagnostic company MyLab Discovery Solution) ने गुरुवार को कहा कि उसने सीरम इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला और एपी ग्लोबेल के चेयरमैन अभिजीत पवार के साथ साझेदारी की है, ताकि कोविड-19 परीक्षण किट की तेजी से आपूर्ति की जा सके।