
बिहार में लॉकडाउन के बाद नीतीश ने दी राहत की सौगात, 1 महीने का मुफ्त में मिलेगा राशन
नई दिल्ली। बिहार में कोरोना वायरस (Coronavirus) को लेकर 'लॉकडाउन' की स्थिति में लोगों की आर्थिक परेशानी कम करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar Chief Minister Nitish Kumar) ने सोमवार आर्थिक सहायता पैकेज देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कोरोनावायरस से उत्पन्न संक्रमण को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने लोगों के लिए सहायता पैकेज की घोषणा की।
राशनकार्ड धारक परिवारों को 1000 रुपए मिलेगा
नीतीश ने घोषणा करते हुए का कि राशन कार्ड वाले परिवारों को एक महीने तक मुफ्त राशन दिया जाएगा तथा जिन इलाकों में 'लॉकडाउन' है, वहां राशन कार्ड धारक परिवारों को 1,000 रुपये की सहायता भी दी जाएगी।
पेंशनधारियों को एक साथ तीन महीनों का पेंशन मिलेगा
इसके अलावे सभी प्रकार के पेंशन जैसे वृद्धा दिव्यांग, विधवा पेंशन पाने वालों को अगले 3 महीने की पेंशन 31 मार्च से पहले दी जाएगी, जो उनके बैंक खाते में सीधे भेजी जाएगी।
नीतीश कुमार ने कहा कि छात्रों को भी इस स्थिति में आर्थिक परेशानी नहीं हो इसके लिए वर्ग एक से 12 के सभी छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति की राशि 31 मार्च तक उनके बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को एक महीने का मिलेगा बोनस
कोरोनावायरस से मुकाबले के लिए अपनी सेवा दे रहे डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए भी नीतीश सरकार ने बोनस देने का फैसला किया है। बयान में कहा गया है कि राज्य के सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को एक महीने के वेतन के बराबर बोनस (प्रोत्ससाहन राशि) दी जाएगी। गौरतलब है कि कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए बिहार के शहरी इलाकों में 'लॉकडाउन' घोषित किया गया है।
ये भी पढ़ें:coronavirus केंद्र सरकार ने कंपनियों से कहा अभी न छंटनी करें और न किसी का पैसा काटें
Published on:
23 Mar 2020, 11:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.