स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 3666 पहुंच चुका है, जबकि 109 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 291 लोग अब तक ठीक भी हो चुके हैं। लेकिन, पिछले कुछ दिनों में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा काफी तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि तबलीगी जमात के कारण अचानक आंकड़े बढ़े हैं। वहीं, राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा सबसे ज्यादा है। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 609 पहुंच चुका है, जबकि 45 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 503 लोग कोरोना वायरस के शिकार हो चुके हैं, जबकि सात लोगों की मौत हुई है। वहीं, तमिलनाडु में 571 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 5 लोग इस खतरनाक वायरस से मर चुके हैं।