
COVID-19: देश के प्रतिष्ठित डॉक्टरों और फार्मा कंपनियों से बात कर रणनीति बनाएंगे PM मोदी
नई दिल्ली। देश में कोरोना ( Coronavirus in india ) के बढ़ते खतरे को कम करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ( PM Narendra Modi ) सोमवार को प्रतिष्ठित डॉक्टरों और शीर्ष फार्मा कंपनियों से बात करेंगे। ताकि देश में कोविड 19 प्रबंधन को गति दी जा सके। स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा, वैक्सीनेशन को गति देने और कई जीवनरक्षक दवाओं की कमी को दूर करने के संबंध में इस बैठक में चर्चा होने की संभावना है। प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आज शाम दो प्रमुख बैठकों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। पहली बैठक शाम साढ़े चार बजे से होगी, जिसमें वह देश भर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों से बातचीत कर कोरोना के खतरे को कम करने के लिए सुझाव लेंगे। इसके बाद शाम छह बजे प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शीर्ष फार्मा कंपनियों से वार्ता कर जीवनरक्षक दवाओं, इंजेक्शन के उत्पादन को बढ़ाने की अपील करेंगे।
दो लाख से अधिक कोरोना संक्रमण के मामले
दरअसल, देश में पिछले कुछ दिनों से दो लाख से अधिक कोरोना संक्रमण के मामले आ रहे हैं। दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु आदि राज्यों में ज्यादा संख्या में रोजाना केस सामने आ रहे हैं। गंभीर मरीजों की बढ़ती संख्या से स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ा है। देश के कई हिस्सों में गंभीर मरीजों को आईसीयू बेड, ऑक्सीजन और जरूरी दवाएं न मिलने की खबरें आ रही हैं। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो महत्वपूर्ण बैठकों के माध्यम से डॉक्टरों और शीर्ष फार्मा कंपनियों से मुखातिब होकर कोरोना के खतरे से निपटने की रणनीति बनाएंगे।
24 घंटों में भारत में 2,73,810 ताजा कोविड मामले
आपको बता दें कि देशभर में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में भारत में 2,73,810 ताजा कोविड मामले सामने आए हैं, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है, इसी के साथ देश में अब कोरोना के कुल मामले 1.5 करोड़ के पार हो गये हैं।
Updated on:
19 Apr 2021, 4:40 PM IST
Published on:
19 Apr 2021, 4:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.